हिंदी सिनेमा में पौराणिक फिल्मों की परंपरा उतनी ही पुरानी है जितना खुद भारतीय सिनेमा का इतिहास। पहली फ़िल्म ‘राजा हरिश्चंद्र’ से लेकर ‘संपूर्ण रामायण’, ‘जय संतोषी मां’, ‘आदिपुरुष’ और ‘कांतारा’ जैसी फिल्मों तक दर्शकों ने हमेशा उन कथाओं को अपनाया है जिनमें आस्था, संस्कृति और भव्यता का मेल दिखा हो।
बीते चार-पांच वर्षों में पौराणिक और धार्मिक विषयों पर बनी फ़िल्मों के लिए दर्शकों का उत्साह स्पष्ट रूप से बढ़ा है। ओटीटी और सोशल मीडिया के दौर में भी भारतीय दर्शक बड़े पर्दे पर अपनी सांस्कृतिक जड़ों को देखने के लिए सिनेमाघरों तक खिंचे चले आते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाती है, ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट’, जो भगवान कृष्ण की कथा को एक अलग भावनात्मक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने की कोशिश करती है।
करीब 80 से 120 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट में बनी यह फिल्म ऐसे समय में रिलीज़ हुई है जब भारतीय सिनेमा में पौराणिक कथाओं को लेकर एक नई प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही है। ‘रामायण पार्ट 1’ जैसे विशाल बजट वाले प्रोजेक्ट्स की चर्चा के बीच बिना किसी बड़े हिंदी सुपरस्टार के बनी इस फिल्म का दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाना ही इसकी सबसे बड़ी सफलता मानी जा सकती है।
निर्देशक हार्दिक गज्जर ने नए चेहरों के साथ जोखिम उठाया और यही जोखिम फ़िल्म की पहचान बन गया। फ़िल्म की हाइप इसकी मार्केटिंग की कमज़ोरी के चलते रिलीज़ से पहले बिल्कुल नहीं दिखी। लेकिन, सोशल मीडिया पर इसकी चर्चाएं होने से इसकी पहुंच युवा दर्शकों के बीच लगातार बढ़ती दिख रही है।
‘कृष्णावतारम’ सिर्फ धार्मिक भावनाओं का सहारा नहीं लेती, बल्कि रिश्तों, प्रेम और समानता जैसे आधुनिक विषयों को भी अपनी कथा में जगह देती है। फ़िल्म की सबसे बड़ी ताक़त इसका भावनात्मक प्रस्तुतीकरण है। यह सिर्फ भगवान कृष्ण की महिमा का गुणगान करने वाली फ़िल्म नहीं है, बल्कि उनके मानवीय पक्ष को भी सामने लाती है।
कहानी को सत्यभामा के दृष्टिकोण से दिखाना इसे पारंपरिक कृष्ण कथाओं से अलग बनाता है। फिल्म प्रेम, ईर्ष्या, समर्पण और रिश्तों की जटिलताओं को बड़े संवेदनशील तरीके से सामने लाती है। इसकी भव्यता सिर्फ विशाल सेट्स या विजुअल इफेक्ट्स तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी आत्मा में भी दिखाई देती है।
लगभग ढाई घंटे लंबी यह फ़िल्म कई जगहों पर धीमी जरूर पड़ती है, लेकिन इसकी भावनात्मक गहराई दर्शकों को बांधे रखती है। यह साफ़ महसूस होता है कि फ़िल्म को बनाने में महीनों की मेहनत और शोध लगा है। बड़े स्तर की पौराणिक फिल्मों में अक्सर आत्मा खो जाती है, लेकिन ‘कृष्णावतारम’ अपनी संवेदनशीलता के कारण अलग पहचान बनाती है।
तकनीकी पक्षों में भी फ़िल्म काफी प्रभावशाली है। सिनेमैटोग्राफर अयनंका बोस ने द्वारका और कृष्ण लोक की दुनिया को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारा है। कई दृश्य सचमुच किसी पेंटिंग जैसे लगते हैं। फिल्म का विजुअल ट्रीटमेंट इसे इंटरनेशनल स्तर का अनुभव देता है। संगीत फिल्म की आत्मा बनकर उभरता है। बैकग्राउंड स्कोर कई दृश्यों को दिव्यता प्रदान करता है और प्रेम गीत लंबे समय तक याद रह जाते हैं।
एक्शन दृश्यों में भी नवाचार देती है, हालांकि फ़िल्म पूरी तरह युद्ध प्रधान नहीं है। इसकी ताकत भावनात्मक संघर्षों और दृश्य सौंदर्य में अधिक है। कॉस्ट्यूम डिज़ाइन की तारीफ़ अलग से की जानी ज़रूरी है।
‘कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट’ उन दर्शकों के लिए एक अवश्य देखने योग्य फिल्म है जो भारतीय पौराणिक कथाओं को आधुनिक सिनेमाई भाषा में देखना चाहते हैं। यह फ़िल्म सिर्फ आस्था का प्रदर्शन नहीं करती, बल्कि प्रेम, करुणा और मानवीय रिश्तों की गहराई को भी छूती है।
देखा जाए तो भव्य विजुअल्स, शानदार संगीत और ईमानदार प्रस्तुति इसे इस सीज़न की सबसे प्रभावशाली फिल्मों में शामिल कर देते हैं। अगर आने वाले हिस्सों में भी यही संवेदनशीलता और तकनीकी स्तर बना रहा, तो ‘कृष्णावतारम’ भारतीय पौराणिक सिनेमा की एक महत्वपूर्ण फ्रेंचाइज़ बन सकती है।
Movie Review : कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट
कलाकार: सिद्धार्थ गुप्ता, संस्कृति जयाना, सुष्मिता भट्ट, निवाशिनी कृष्णन आदि
निर्देशक: हार्दिक गज्जर
लेखक: हार्दिक गज्जर, प्रकाश कापड़िया, राम मोरी
निर्माता: साजन राज कुरुप, शोभा संत
स्टूडियो: क्रिएटिवलैंड स्टूडियोज़ एंटरटेनमेंट
रिलीज़ डेट: 7 मई 2026
रेटिंग: 3.5/5
