आदित्य बिड़ला समूह (Aditya Birla Group) के कंटेंट कारोबार को लेकर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक नई चर्चा तेज है। ये समूह एक नए ओटीटी प्लेटफॉर्म की तैयारी में जुटा हुआ बताया जा रहा है। इसी संभावित रणनीतिक विस्तार के बीच समूह की मनोरंजन जगत से जुड़ी कंपनी अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट (Applause Entertainment) में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। और, अनन्या बिड़ला (Ananya Birla) की बढ़ती सक्रियता को समूह की इसी अगली कंटेंट-रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
हाल ही में अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट के सीईओ समीर नायर (Sameer Nair) के पद छोड़ने के बाद यह सवाल और महत्वपूर्ण हो गया है कि समूह अब अपने कंटेंट-इकोसिस्टम को किस दिशा में आगे बढ़ाएगा। मीडिया-इंडस्ट्री के सूत्रों का मानना है कि यदि नया ओटीटी प्लेटफॉर्म लॉन्च होता है, तो उसके लिए मजबूत इन-हाउस कंटेंट पाइपलाइन तैयार करना समूह की प्राथमिकता होगी।
इसी संदर्भ में अनन्या बिड़ला की भूमिका पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वह पिछले कुछ समय से समूह के कंटेंट और मीडिया-संबंधित प्रयासों में अधिक सक्रिय दिखाई दे रही हैं और कई रणनीतिक पहलों से उनका नाम जुड़ रहा है। इंडस्ट्री के भीतर यह भी माना जा रहा है कि आने वाले समय में वह समूह की कंटेंट-ड्रिवन पहलों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

दिलचस्प बात यह भी है कि अनन्या बिड़ला ने हाल ही में बिड़ला स्टूडियोज़ (Birla Studios) नाम से एक नया प्रोडक्शन वेंचर शुरू किया है, जिसका लक्ष्य बहुभाषीय और हाई-कांसेप्ट कमर्शियल सिनेमा का निर्माण है। इसके साथ ही इस स्टूडियो ने मोबाइल नेटवर्क कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vodafone Idea) के सहयोग से ‘Reel Se Real Star’ जैसे डिजिटल टैलेंट-हंट प्लेटफॉर्म की शुरुआत भी की है, जो देशभर से नए कलाकारों की खोज पर केंद्रित है।
उधर, अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट के नेतृत्व को लेकर भी नए नामों पर चर्चा जारी है। इंडस्ट्री में संकेत मिल रहे हैं कि किसी अनुभवी ओटीटी-प्लेटफॉर्म पृष्ठभूमि वाले प्रोफेशनल को इसकी कमान सौंपी जा सकती है, ताकि समूह की डिजिटल-कंटेंट रणनीति को और मजबूती दी जा सके।
हालांकि, ये बातें भी सामने आईं कि कंटेंट-फोकस के लिहाज़ से समान दिशा में काम कर रहे अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट और बिड़ला स्टूडियोज़ को भविष्य में किसी साझा नेतृत्व ढांचे के तहत लाया जा सकता है। फिलहाल, इंडस्ट्री की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रस्तावित ओटीटी प्लेटफॉर्म, नए नेतृत्व और प्रोडक्शन-इनिशिएटिव्स के साथ आदित्य बिड़ला समूह आने वाले महीनों में अपने कंटेंट कारोबार को किस नए स्वरूप में पेश करता है।







