PK 2: भारतीय सिनेमा के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान अपनी अनूठी कहानियों और शानदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं। ‘कयामत से कयामत तक’, ‘जो जीता वही सिकंदर’, ‘अंदाज अपना अपना’, ‘सरफरोश’, ‘दिल चाहता है’, ‘लगान’, ‘तारे जमीन पर’, ‘गजनी’, ‘3 इडियट्स’, ‘पीके’ और ‘दंगल’ जैसी फिल्मों के साथ उन्होंने हर जॉनर में अपनी छाप छोड़ी है। आमिर अब अपनी अगली फिल्म ‘सितारे जमीन पर’ को दर्शकों के सामने पेश करने के लिए तैयार हैं। यह 20 जून 2025 को सिनेमाघरों में आएगी। इसके बाद वह राजकुमार हिरानी की दादासाहेब फाल्के बायोपिक की तैयारियों में जुट जाएंगे।
IPL 2025 Final: आईपीएल फाइनल में आमिर खान ने गाया भोजपुरी में गाना, रवि किशन के साथ मचाया धमाल
10 स्क्रिप्ट पर किया था विचार
पिंकविला की एक खास रिपोर्ट के मुताबिक, आमिर ने इस प्रोजेक्ट को चुनने से पहले कम से कम 10 स्क्रिप्ट्स पर विचार किया था। सूत्रों के अनुसार आमिर खान और राजकुमार हिरानी लंबे समय से भारतीय सिनेमा के जनक दादासाहेब फाल्के की बायोपिक बनाने का सपना देख रहे थे। इस स्क्रिप्ट पर काम काफी समय से चल रहा था। इस दौरान आमिर ने कई अन्य स्क्रिप्ट्स पर भी रचनात्मक रूप से विचार किया। इनमें राजकुमार संतोषी की दो फिल्में ‘चार दिन की जिंदगी’ और ‘अंदाज अपना अपना 2’, दिनेश विजन के साथ उज्ज्वल निकम बायोपिक, अनुराग बासु की किशोर कुमार बायोपिक और राकेश ओमप्रकाश मेहरा के साथ एक प्रोजेक्ट भी था।
गुलशन कुमार बायोपिक पर भी हुई थी बात
सूत्रों ने बताया कि आमिर ने निर्देशक तुषार हीरानंदानी और भूषण कुमार के साथ गुलशन कुमार की बायोपिक पर भी चर्चा की। सूत्र ने कहा“आमिर एक रचनात्मक शख्सियत हैं और ऐसी कहानियों पर काम करना पसंद करते हैं, जिनमें दम हो। उन्होंने कई मीटिंग्स कीं और ऐसी फिल्में बनाना चाहते हैं जो दर्शकों के दिलों को छू लें। जिन प्रोजेक्ट्स पर बात हुई वे भविष्य में बन सकते हैं, लेकिन अभी उनका पूरा ध्यान दादासाहेब फाल्के की बायोपिक पर है।”
‘पीके 2’ पर भी आया अपडेट
आमिर, राजकुमार हिरानी और अभिजात जोशी ने PK 2 की कहानी पर भी काम किया है, जिसमें रणबीर कपूर के शामिल होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक PK 2 की कहानी तैयार है और आमिर, हिरानी व अभिजीत इसके लिए उत्साहित हैं। PK 2 में आमिर और रणबीर दोनों एलियन के किरदार में नजर आ सकते हैं। रणबीर को भी यह आइडिया पसंद आया है, लेकिन यह प्रोजेक्ट दादासाहेब फाल्के बायोपिक के बाद शुरू होगा।”
Aamir Khan: आमिर खान को किसने गिफ्ट किया था पहला लैपटॉप? नाम जानकर रह जाएंगे हैरान
लोकेश कनगराज के साथ सुपरहीरो फिल्म
आमिर की योजनाओं में एक और बड़ा प्रोजेक्ट है। वह साउथ के मशहूर निर्देशक लोकेश कनगराज के साथ एक सुपरहीरो फिल्म पर काम करने की बातचीत में हैं। यह फिल्म 2027 में फ्लोर पर जाएगी। इस प्रोजेक्ट की खबर ने फैंस में उत्साह भर दिया है, क्योंकि आमिर और लोकेश की जोड़ी निश्चित रूप से कुछ नया और रोमांचक लाएगी।








