रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ अपनी रिलीज के बाद एक बड़े कानूनी विवाद में फंस गई है। फिल्म के मशहूर गाने ‘रंग दे लाल (ओये ओये)’ के कॉपीराइट को लेकर त्रिमुर्ति फिल्म्स और फिल्म के निर्माताओं के बीच चल रही मध्यस्थता (Mediation) पूरी तरह विफल हो गई है। दिल्ली हाईकोर्ट को सूचित किया गया है कि दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोई गुंजाइश नहीं बन पाई, जिसके बाद अब कोर्ट इस मामले की मेरिट पर सुनवाई करेगा।
‘तिरछी टोपीवाले’ की धुन का इस्तेमाल बना विवाद की जड़
इस पूरे विवाद के केंद्र में साल 1989 की सुपरहिट फिल्म ‘त्रिदेव’ का सदाबहार गाना ‘तिरछी टोपीवाला’ है। त्रिमुर्ति फिल्म्स का आरोप है कि ‘धुरंधर 2’ के गाने ‘रंग दे लाल’ में मूल गाने की कंपोजिशन का इस्तेमाल बिना किसी अनुमति के किया गया है। गौरतलब है कि मूल गाना कल्याणजी-आनंदजी और विजू शाह द्वारा संगीतबद्ध किया गया था, जिसे अमित कुमार और सपना मुखर्जी ने आवाज दी थी। त्रिमुर्ति फिल्म्स का दावा है कि यह उनके कॉपीराइट का सीधा उल्लंघन है और उन्होंने फिल्म के प्रचार और प्रदर्शन में इस गाने के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताई है।
निर्माताओं का पलटवार: कोर्ट में दी ये दलीलें
दूसरी तरफ, ऑडियो अधिकार रखने वाली कंपनी सुपर कैसेट्स इंडस्ट्रीज ने किसी भी अंतरिम राहत का विरोध किया है। उन्होंने अदालत में तर्क दिया कि त्रिमुर्ति फिल्म्स ने इस मामले में पूरी पारदर्शिता नहीं बरती है और पिछले इसी तरह के मामलों को नजरअंदाज किया है। वहीं, फिल्म के निर्माता B62 फिल्म्स ने कोर्ट को जानकारी दी कि फिल्म पहले ही सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और मई के मध्य तक इसके ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म पर आने की संभावना है। ऐसे में अब सुनवाई के दौरान यह देखना दिलचस्प होगा कि कोर्ट फिल्म के डिजिटल रिलीज पर क्या रुख अपनाता है।
क्या है ‘धुरंधर 2’ की कहानी और कब होगी अगली सुनवाई?
आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह फिल्म साल 2025 में आई ‘धुरंधर’ का सीक्वल है। इसमें रणवीर सिंह ‘जसकीरत सिंह रंगी’ के किरदार में हैं, जो बाद में ‘हमजा अली मजारी’ बनकर लयारी के अंडरवर्ल्ड में अपनी पैठ बनाता है। फिल्म में अर्जुन रामपाल, आर माधवन और संजय दत्त जैसे बड़े सितारे भी नजर आ रहे हैं। फिलहाल, जस्टिस तुषार राव गेडेला ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 8 मई की तारीख तय की है।
