फ़िल्मी हूं नेटवर्क, मुंबई: केरलम के जंगलों में इन दिनों, रातों में मंगल हो रहा है। जी हां, कोई तीन-चार सौ लोगों की यशराज फ़िल्म्स की एक टीम वहां एक ऐसी फ़िल्म की शूटिंग में लगी हुई, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि ये हिंदी सिनेमा में सस्पेंस थ्रिलर फ़िल्मों का अंदाज़ बदल देगी। इस फ़िल्म के हीरो हैं, आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) और इसे निर्देशित कर रहे हैं, वेब सीरीज़, ‘काला पानी’ और ‘मामला लीगल है’ के निर्माता, समीर सक्सेना।
समीर की थिएटर में प्रदर्शित होने वाली ये पहली फ़ीचर फ़िल्म होगी। सूत्र बताते हैं कि फ़िल्म की शूटिंग अप्रैल के पहले सप्ताह से शुरू होचुकी है और अगले महीने के आख़िर तक इस फ़िल्म की शूटिंग पूरी कर ली जाएगी।
बाइस्कोप विद पंकज शुक्ल: जब ‘आंधी’ बनी विवादों की वजह
निर्माताओं ने फ़िल्म की कहानी को लेकर सख़्त गोपनीयता बनाए रखी है, ताकि दर्शकों के लिए इसका रहस्य और रोमांच बरक़रार रहे। हालांकि अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक़ यह एक “रेस-अगेंस्ट-टाइम” शैली की तेज़ रफ़्तार थ्रिलर है, जिसमें आयुष्मान खुराना एक आम आदमी की भूमिका में नज़र आएंगे, जो अचानक एक असाधारण परिस्थिति में फंस जाता है।
आयुष्मान खुराना की यशराज फ़िल्म्स के साथ ये तीसरी फ़िल्म है। इससे पहले वह ‘दम लगा के हईशा’ और ‘मेरी प्यारी बिंदु’ में इस कंपनीके साथ काम कर चुके हैं। लगातार कॉमेडी करते रहे आयुष्मान ने बीच में ‘अनेक’, ‘चंडीगढ़ करे आशिक़ी’ और ‘ऐन एक्शन हीरो’ जैसी फ़िल्मों से अपनी इमेज बदलने की कोशिश की थी, लेकिन इसमें उन्हें सफलता नहीं मिली।
फिर, मैडॉक फ़िल्म्स के हॉरर-कॉमिक यूनिवर्स ने उनकी किस्मत की कुंडली पर छाये बादल पिछले साल साफ किए। इस यूनिवर्स की आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना स्टारर, आदित्य सरपोतदार निर्देशित फ़िल्म ‘थम्मा’ ने बीते साल बॉक्स ऑफिस पर ख़ूब कमाई की है। और, इसी के बाद से आयुष्मान के सितारे फिर से चमकने को बेताब हो उठे हैं।
इस वर्ष आयुष्मान की तीन फ़िल्में प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। इनमें से सबसे पहले बी आर फ़िल्म्स और टी सीरीज़ की साझी पेशकश ‘पति पत्नी और वो दो’ 15 मई को रिलीज़ होगी। इसके बाद धर्मा प्रोडक्शंस की फ़िल्म ‘उड़ता तीर’ आएगी और फिर आएगी साल की वह सबसे प्रतीक्षित फ़िल्म जिसमें आयुष्मान को राजश्री प्रोडक्शंस के आइकॉनिक किरदार प्रेम को निभाने का मौका मिला है।
ये फ़िल्म निर्देशक सूरज बड़जात्या की प्रेम सीरीज़ की अगली फ़िल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’, जिसमें उनके साथ अभिनेत्री शरवरी वाघ नज़र आएंगी। फ़िल्म की रिलीज़ डेट 27 नवंबर का एलान हाल ही में सूरज ने ख़ुद किया है। ये वही फ़िल्म है जिसके लिए पहले कार्तिक आर्यन को बतौर हीरो साइन किया गया था, लेकिन उनके रवैये के चलते राजश्री ने उन्हें फ़िल्म से निकाल बाहर किया था।






