एक्टर तमन्ना भाटिया को उबारने के लिए निर्माता एकता कपूर को अब सलमान ख़ान के बहनोई आयुष शर्मा का साथ मिला है। बालाजी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनने जा रही सुपरनेचुरल थ्रिलर फिल्म ‘रागिनी 3’ में तमन्ना अब आयुष शर्मा के साथ नजर आएंगी, जो सलमान खान के बहनोई हैं।
36 वर्षीय तमन्ना भाटिया पिछले करीब 21 वर्षों से हिंदी सिनेमा में एक बड़ी सोलो हिट की तलाश में हैं। उनकी पहली हिंदी फिल्म और डेब्यू ‘चांद सा रोशन चेहरा’ साल 2001 में रिलीज हुई थी। हालांकि दक्षिण भारतीय फिल्मों में तमन्ना ने जबरदस्त सफलता हासिल की, लेकिन हिंदी फिल्मों में बतौर लीड अभिनेत्री उन्हें अब तक वैसी कामयाबी नहीं मिल सकी।
हाल के वर्षों में ‘स्त्री 2’ और ‘रेड 2’ जैसी फिल्मों में उनके डांस नंबर काफी चर्चा में रहे, जिसके बाद हिंदी सिनेमा में उनकी पहचान एक ग्लैमरस परफॉर्मर और आइटम सॉन्ग डांसर के रूप में भी बनने लगी थी।
अब ‘रागिनी 3’ के जरिए तमन्ना को एक बार फिर बतौर मुख्य अभिनेत्री बड़े स्तर पर पेश किया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन शशांक घोष करेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में तमन्ना का किरदार आयुष शर्मा और जुनैद खान दोनों के साथ रोमांटिक ट्रैक में दिखाई देगा। वहीं नरगिस फाखरी फिल्म में एक पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभाएंगी।
‘रागिनी’ फ्रेंचाइज़ी की पिछली फिल्मों के मुकाबले इस बार मेकर्स फिल्म को पूरी तरह नए अंदाज में पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ‘रागिनी 3’ पारंपरिक हॉरर-इरॉटिक फॉर्मेट से हटकर एक हाई-कॉन्सेप्ट सुपरनेचुरल थ्रिलर होगी, जिसमें सस्पेंस, हास्य और डरावने तत्वों का मिश्रण देखने को मिलेगा। मेकर्स इसे दर्शकों के लिए “डेट नाइट हॉरर” एक्सपीरियंस के तौर पर तैयार कर रहे हैं। इसी थीम पर यशराज फ़िल्म्स एक पिक्चर आयुष्मान खुराना के साथ बना रहे हैं।
फिल्म की शूटिंग पहले जनवरी 2026 में शुरू होने वाली थी, लेकिन निर्देशक साहिर रजा के प्रोजेक्ट से अलग होने के बाद इसमें देरी हुई। अब शशांक घोष के निर्देशन में फिल्म दोबारा प्री-प्रोडक्शन में लौट चुकी है और जुलाई 2026 से इसकी शूटिंग शुरू होने की संभावना है। मेकर्स इसी साल फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।
तमन्ना भाटिया जल्द ही सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म ‘वन’ में भी नजर आएंगी, जिसे भी बालाजी मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूस कर रहा है।
