आमिर ख़ान एक बार फिर क्रिकेट के मैदान में उतरने जा रहे हैं। अपने करियर में तीसरी बार आमिर क्रिकेट पर आधारित फिल्म में नजर आएंगे। इससे पहले वह देव आनंद निर्देशित ‘अव्वल नंबर’ और आशुतोष गोवारीकर की ऑस्कर नामांकित फिल्म ‘लगान’ में क्रिकेट खेलते दिखाई दे चुके हैं। अब लगभग 25 साल बाद आमिर फिर से बल्ला थामने की तैयारी कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक़, आमिर ख़ान ने अपने अगले प्रोजेक्ट के लिए एक महत्वाकांक्षी स्पोर्ट्स ड्रामा को हरी झंडी दे दी है। यह फिल्म भारत-पाकिस्तान के बीच 1952 में हुई ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। ख़ास बात यह है कि इस फिल्म के जरिए आमिर और आशुतोष गोवारिकर की जोड़ी एक बार फिर साथ आ रही है। दोनों ने इससे पहले ‘लगान’ जैसी ऐतिहासिक सफलता दी थी।
फिल्म का नाम अभी तय नहीं है। इसकी कहानी पीयूष गुप्ता और नीरज सिंह ने लिखी है। हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स में इसे महान क्रिकेटर लाला अमरनाथ की बायोपिक बताया जा रहा था, लेकिन अब साफ़ हो गया है कि यह सिर्फ़ उनकी ज़िंदगी तक सीमित नहीं होगी। ये फ़िल्म भारत और पाकिस्तान के बीच विभाजन के बाद खेली गई पहली टेस्ट सीरीज की कहानी को बड़े पर्दे पर उतारेगी।
इस ऐतिहासिक सीरीज़ में भारतीय टीम की कप्तानी लाला अमरनाथ ने की थी और आमिर ख़ान उसी किरदार में नजर आएंगे। बताया जा रहा है कि आमिर ने इसके लिए तैयारी भी शुरू कर दी है। फ़िल्म को भव्य पीरियड ड्रामा के रूप में तैयार किया जाएगा, जिसमें बड़ी स्टारकास्ट देखने को मिल सकती है।
हाल के दिनों में अपनी फ़िल्म ‘डॉन 3’ के बंद हो जाने को लेकर चर्चा में रही एक्सेल एंटरटेनमें कंपनी इस फ़िल्म का निर्माण करने जा रही है। फ़िल्मों ‘दिल चाहता है’ और ‘तलाश’ के बाद यह आमिर ख़ान और एक्सेल एंटरटेनमेंट की तीसरी साझेदारी होगी। आमिर ख़ान ने फ़िल्म की कहानी ओके कर दी है और इसकी स्क्रिप्ट का काम भी करीब करीब पूरा हो चुका है। इस फ़िल्म का ऐलान आमिर और आशुतोष 15 जून को ‘लगान’ की 25वीं वर्षगांठ पर कर सकते हैं।
इस फ़िल्म के तय होने के साथ ही ये भी तय हो गया है कि आमिर खान अब ‘थ्री ईडियट्स’ का सीक्वल नहीं करने जा रहे हैं और न ही वह राहुल मोदी की बायोपिक करेंगे।
