नेटफ्लिक्स की बहुप्रतीक्षित सीरीज The Bads of Bollywood का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। यह दर्शकों के बीच तहलका मचा रहा है। आर्यन खान की पहली निर्देशकीय पेशकश ने पिछले महीने आए पहले झलक के बाद से ही प्रशंसकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
सात एपिसोड की सीरीज है The Bads of Bollywood
सात एपिसोड की यह सीरीज शानदार डायलॉग्स, बेबाक अंदाज और बॉलीवुड की चमक-दमक से भरपूर है। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह सीरीज साल की सबसे चर्चित वेबसरीज है।
कुछ ऐसी है कहानी
सीरीज की कहानी आसमान सिंह (लक्ष्य) के इर्द-गिर्द घूमती है। वह एक महत्वाकांक्षी नौजवान है और बॉलीवुड में बड़े सपने लेकर कदम रखता है। उसके साथ हैं उसका वफादार दोस्त परवेज (रघव जुआल), तेज-तर्रार मैनेजर सान्या (अन्या सिंह) और उसका हमेशा साथ देने वाला परिवार भी है। लेकिन बॉलीवुड की चकाचौंध भरी दुनिया में सपनों की कीमत चुकानी पड़ती है। आसमान को जल्द ही एहसास होता है कि महत्वाकांक्षा और अहंकार का टकराव कितना मुश्किल हो सकता है। उसका सबसे बड़ा मुकाबला होता है सुपरस्टार अजय तलवार (बॉबी देओल) से, जब आसमान को उनकी बेटी और बॉलीवुड में नई-नवेली करिश्मा (सहर बांबा) के साथ कास्ट किया जाता है। कहानी में और रंग भरते हैं चतुर निर्माता फ्रेडी सोदावाला (मनीष चौधरी) और पुराने जमाने के अभिनेता जारज सक्सेना (रजत बेदी), जो वापसी की जुगत में हैं।
तीनों खान आएंगे नजर
ट्रेलर का सबसे बड़ा आकर्षण है शाहरुख खान की कैमियो उपस्थिति है, जहां उन्हें ‘बादशाह’ कहकर पुकारा जाता है और बैकग्राउंड में टाइटल ट्रैक गूंजता है। यह पल दर्शकों को रोमांचित करने के लिए काफी है। इसके अलावा, ट्रेलर में रणवीर सिंह, सारा अली खान, एसएस राजामौली, बादशाह और दिशा पाटनी जैसे सितारों की चमकदार मौजूदगी इस सीरीज को और खास बनाती है। खास बात यह है कि पहली बार तीनों खान एक साथ स्क्रीन पर नजर आएंगे, जो बॉलीवुड प्रशंसकों के लिए किसी सपने से कम नहीं। 18 सितंबर से स्ट्रीम किया जा सकता है।








