Roadies XX Finale: एमटीवी के लोकप्रिय शो रोडीज डबल क्रॉस (रोडीज एक्सएक्स) का फिनाले रविवार, 1 जून 2025 को प्रसारित हुआ। इस सीजन के विजेता कुशाल तंवर बने हैं। उन्हें प्यार से गुल्लू के नाम से भी जाना जाता है। गुल्लू एल्विश यादव के गैंग का हिस्सा थे। प्रिंस नरूला के गैंग के हरताज सिंह गिल पहले रनर-अप रहे। गुल्लू की जीत से उत्साहित एल्विश ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी जाहिर की और इस सफर को यादगार बताया।
Roadies XX Finale: फिनाले में होगी तीखी जंग, प्रिंस नरूला ने Elvish Yadav को कहा ‘ऑनलाइन बदमाश’
गुल्लू ने हासिल की शानदार जीत
Roadies XX Finale में गुल्लू और हरताज के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंतिम टास्क में हरताज ने 1 मिनट 48 सेकंड में का समय लिया, लेकिन गुल्लू ने 1 मिनट 16 सेकंड में टास्क पूरा कर बाजी मार ली। गुल्लू शुरू से ही एल्विश के गैंग में थे, लेकिन बीच में उन्हें शो से बाहर होना पड़ा। बाद में वाइल्डकार्ड एंट्री के जरिए ऑक्शन में गौतम गुलाटी ने सबसे ज्यादा बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। लेकिन जब गुल्लू को फिनाले का टिकट जीतने के बाद गैंग बदलने का मौका मिला तो उन्होंने गौतम को छोड़कर फिर से एल्विश का साथ चुना। उनके पास रिया चक्रवर्ती, प्रिंस नरूला या नेहा धूपिया के गैंग में जाने का भी विकल्प था।
विजेता बनकर जीती इतनी रकम
Roadies XX Finale जीतकर गुल्लू ने खिताब के साथ करिज्मा एक्सएमआर बाइक और 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी अपने नाम किया। जैसे ही होस्ट रणविजय सिंह ने गुल्लू को विजेता घोषित किया, एल्विश की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
View this post on Instagram
एल्विश हुए भावुक
जीत के बाद एल्विश ने कहा, “गुल्लू और मेरा रिश्ता खास था। वह मेरा पहला रोडी था, जिसे मैंने अपनी टीम में चुना। आज उसी के साथ मैं यहां खड़ा हूं। मैं बहुत खुश हूं, बेहद खुश!” बिग बॉस OTT 2 के विजेता एल्विश के लिए यह पहला सीजन था, जिसमें वह गैंग लीडर बने थे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर गुल्लू के साथ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “मैं भावनाओं से भरा हुआ हूं। मेरा भाई कुशाल तंवर (गुल्लू) और मैंने रोडीज डबल क्रॉस जीत लिया है। यह सफर शानदार रहा। मैं गुल्लू के साथ इस जीत को साझा करके बहुत खुश हूं। हमने कर दिखाया।”








