फ़िल्मी हूं नेटवर्क, मुंबई: ‘खलनायक रिटर्न्स’ (Khalnayak Returns) की निर्माता आशा कम्बोज के पति मोहित कम्बोज मुंबई में बीजेपी के अरसे से दमदार नेता रहे हैं। और, कम लोगों को ही पता होगा कि जब शिवसेना का विभाजन हुआ था, तो उस समय बीजेपी की तरफ़ से सक्रिय रहे नेताओं में भी वह अव्वल नंबर थे।
संजय दत्त कहते हैं कि ‘खलनायक रिटर्न्स’ का आइडिया उन्हें उन चार हज़ार कैदियों के एक-एक पेज से आया, जो उन्होंने इस फ़िल्म के बारे में उन्हें उनके जेल प्रवास के दौरान संजय दत्त को लिखकर दिया था।
सुभाष घई जो फ़िल्म ‘खलनायक’ (1993) के मूल निर्माता-निर्देशक हैं, उनका रोल इस नई सीक्वल में क्या होगा, अब तक स्पष्ट तो नहीं है। फ़िल्म का आईपीआर उनके पास ही अब तक रहा और वह ख़ुद भी कई बार इसकी सीक्वल बनाने की बात कह चुके हैं। ऐसे में उनका अपनी इस सुपरहिट फ़िल्म के राइट्स किसी और प्रोडक्शन कंपनी को देना आसान नहीं रहा होगा।
लेकिन, सुभाष घई ने अपनी सबसे प्यारी फ़िल्मों में से एक ‘खलनायक’ की सीक्वल के लिए जिन मोहित कम्बोज और उनकी कंपनी आस्पेक्ट ग्लोबल वेंचर्स से हाथ मिलाया है, वह भी उनकी तरह ही किसी शोमैन से कम नहीं हैं।
मोहित कम्बोज की जीवन यात्रा अमृतसर से शुरू होती है। साल 1984 में मोहित का जन्म हुआ और उसी साल पंजाब में जो हालात बने, शायद उसी के चलते उनका परिवार अगले साल ही वाराणसी आ गया था। साल 2002 में मोहित मुंबई आए और बीते 24 साल में ही उन्होंने अपना कारोबारी साम्राज्य खड़ा कर दिया। मुंबई के बांद्रा और खार इलाके के वह रुआबदार बिल्डर माने जाते हैं।
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के जब मोहित राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, तभी से मुंबई की मीडिया का फ़ोकस उन पर होना शुरू हुआ। ये बात साल 2012 की है, अगले ही साल वह बीजेपी में आए और उन्हें सीधे मुंबई इकाई का उपाध्यक्ष बना दिया गया। संजय दत्त से उनकी निकटता भी काफ़ी पहले से रही है। 2014 में मोहित ने दिंडोशी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। 2016 से 2019तक वह भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) मुंबई के अध्यक्ष रहे।
जिस आस्पेक्ट एंटरटेनमेंट कंपनी ने ‘खलनायक रिटर्न्स’ बनाने का ऐलान किया है, उसकी मातृ कंपनी आस्पेक्ट ग्लोबल वेंचर्स के ग्रुप सीईओ, मोहित अभी पिछले साल ही बने हैं। इस समूह का बुलियन, इंफ्रास्ट्रक्चर, हॉस्पिटैलिटी और निवेश में ख़ासा दख़ल है। अंबानी परिवार में भी मोहित कंबोज की सीधी जान पहचान है और उनकी कंपनी की पहली फ़िल्म ‘खलनायक रिटर्न्स’ के साथ भी जियो स्टूडियोज़ जुड़ी है।
इस फ़िल्म से संजय दत्त की अपनी फ़िल्म प्रोडक्शन कंपनी थ्री डाइमेंशन मोशन पिक्चर्स का भी नाम जुड़ा है। ये कंपनी इससे पहले हिंदी में ‘भूतनी’नाम से एक फ़िल्म बना चुकी है।






