फ़िल्मी हूं नेटवर्क, मुंबई: निर्देशक मोहन वदलापतला की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘एम4एम – मोटिव फॉर मर्डर’ का ट्रेलर अब दर्शकों के सामने है। मुंबई में आयोजित ट्रेलर लॉन्च इवेंट में मशहूर वितरक मनोज नंदवाना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह फिल्म अमेरिकी अभिनेत्री जो शर्मा की भारतीय सिनेमा में पहली फिल्म है। खास बात यह है कि रिलीज से पहले ही इस फिल्म ने वैश्विक स्तर पर 15 पुरस्कार अपने नाम कर लिए हैं, जिसमें जो शर्मा को 5 बेस्ट एक्ट्रेस के अवॉर्ड्स मिले हैं।

कातिल बताओ और लखपति बनो

ट्रेलर लॉन्च के दौरान अभिनेत्री जो शर्मा ने दर्शकों और मीडिया के लिए एक खास प्रतियोगिता का ऐलान किया। उन्होंने लोगों को फिल्म का ट्रेलर देखकर कातिल की पहचान करने की चुनौती दी है। जो भी व्यक्ति सही कातिल का नाम गेस (अनुमान) करेगा, उसे फिल्म की रिलीज से पहले 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। जो शर्मा ने कहा, “हम चाहते हैं कि दर्शक फिल्म देखने से पहले ही इस मिस्ट्री का हिस्सा बनें।”

क्या है फिल्म की कहानी?

‘M4M – मोटिव फॉर मर्डर’ की कहानी हैदराबाद की पृष्ठभूमि पर आधारित है। शहर में तब हड़कंप मच जाता है जब एक सीरियल किलर अपने अपराधों के जरिए मशहूर पेंटिंग्स को री-क्रिएट (दोबारा बनाना) करने लगता है। कहानी एसीपी कृष्णा और क्राइम रिपोर्टर राधा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अलग-अलग एंगल से इस मामले की तफ्तीश करते हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, कई मनोवैज्ञानिक मोड़ सामने आते हैं, जो कहानी को एक अप्रत्याशित क्लाइमेक्स की ओर ले जाते हैं।

कब होगी वर्ल्डवाइड रिलीज

फिल्म के वितरक मनोज नंदवाना, जो इसे उत्तर भारत के बाजार में रिलीज करेंगे, ने बताया कि आजकल हिंदी दर्शक मजबूत कंटेंट वाली दक्षिण भारतीय फिल्मों में काफी रुचि दिखा रहे हैं। ‘M4M’ में वह क्षमता है कि यह हर क्षेत्र के दर्शकों को पसंद आएगी। मोहन वदलापतला द्वारा निर्मित और निर्देशित यह सस्पेंस थ्रिलर 8 मई 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।