Jolly LLB 3 के फैंस के लिए अच्छी खबर है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) ने फिल्म को कुछ छोटे बदलावों के साथ पास कर दिया है। ये बदलाव कहानी पर असर नहीं डालते, जिससे फिल्म का मजा बरकरार रहेगा। 2 सितंबर को फिल्म को U/A 16+ रेटिंग मिली। सेंसर सर्टिफिकेट के मुताबिक फिल्म की लंबाई 157 मिनट और 16 सेकंड है यानी 2 घंटे 37 मिनट से थोड़ा ज्यादा।
Jolly LLB 3 Advance Booking Collection: जॉली एलएलबी 3 एडवांस बुकिंग में छाई, अब तक हुई इतनी कमाई
Jolly LLB 3 में किए गए कुछ बदलाव
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार सीबीएफसी ने फिल्म के निर्माताओं को कुछ जरूरी बदलाव करने को कहा था। सबसे पहले पुराना डिस्क्लेमर हटाकर नया डिस्क्लेमर जोड़ा गया। फिल्म में दिखाए गए शराब के ब्रांड को हर जगह ब्लर कर दिया गया। साल की शुरुआत में मेकर्स को एक काल्पनिक जगह और साल का नाम जोड़ने को कहा गया। इसके अलावा फिल्म में इस्तेमाल हुए अपशब्द ‘फ****र’ को पूरी तरह हटा दिया गया।
कुछ सीन भी किए गए संशोधित
इसके अलावा कुछ सीन में भी बदलाव हुए। एक सीन में पुलिस द्वारा एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला दिखाया गया था, जिसे संशोधित किया गया। उसी सीन में एक डायलॉग को बदलकर ‘इमरजेंसी क्लॉज’ कर दिया गया और एक लोगो को भी संशोधित किया गया। एक अन्य सीन में, जानकी (सीमा बिस्वास) के हाथ में दिख रही फाइल पर लोगो को ब्लर किया गया। दूसरे हाफ में एक डायलॉग को बदलकर ‘जानकी अम्मा का गांव सिर्फ एक…चेक मुंह पर फेंक के मारा’ कर दिया गया।इन बदलावों के बाद ‘जॉली एलएलबी 3’ को सेंसर बोर्ड ने हरी झंडी दे दी। फिल्म का निर्देशन सुभाष कपूर ने किया है। उन्होंने ‘जॉली एलएलबी’ (2013) में अरशद वारसी और ‘जॉली एलएलबी 2’ (2017) में अक्षय कुमार के साथ काम किया था।
फिल्म में हैं ये सितारे
इस बार दोनों सितारे एक साथ नजर आएंगे। फिल्म में सौरभ शुक्ला, हुमा कुरैशी, अमृता राव, सीमा बिस्वास और गजराज राव जैसे शानदार कलाकार भी हैं। 19 सितंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म का ट्रेलर पहले ही हिट हो चुका है।








