Dipika Kakar: टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री और व्लॉगर दीपिका कक्कड़ इन दिनों अपनी सेहत को लेकर सुर्खियों में हैं। उनके पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम ने हाल ही में एक यूट्यूब व्लॉग के जरिए जानकारी दी कि दीपिका को लिवर में ट्यूमर का पता चला है। यह खबर उनके फैंस के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
पेट दर्द से शुरू हुआ सिलसिला
शोएब ने व्लॉग में कहा कि कुछ दिन पहले दीपिका को पेट में तेज दर्द होने लगा। शुरू में डॉक्टरों ने इसे सामान्य इंफेक्शन समझा और दवाइयां दीं, लेकिन जब दर्द कम नहीं हुआ तो दीपिका ने कुछ मेडिकल टेस्ट करवाए। इन टेस्ट्स में चौंकाने वाली बात सामने आई। उनके लिवर के बाएं हिस्से में एक ट्यूमर पाया गया। शोएब ने कहा, “डॉक्टर ने सीटी स्कैन करवाया, जिसमें पता चला कि ट्यूमर टेनिस बॉल जितना बड़ा है। यह खबर हमारे लिए बहुत बड़ा झटका था।”
रिपोर्ट में क्या आया?
ट्यूमर की खबर के बाद डॉक्टरों ने यह जांचने के लिए और टेस्ट करवाए कि कहीं यह कैंसर तो नहीं। हालांकि, शुरुआती रिपोर्ट्स में कैंसर के कोई लक्षण नहीं मिले, जिससे Dipika Kakar और उनके परिवार को थोड़ी राहत मिली। हालांकि, शोएब ने कहा कि कुछ और टेस्ट के नतीजे अभी आना बाकी हैं। डॉक्टरों ने दीपिका को ट्यूमर को हटाने के लिए सर्जरी की सलाह दी है। दीपिका जल्द ही मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में इस सर्जरी कराएंगी। वह पिछले तीन दिन से अस्पताल में भर्ती हैं।
लोगों को पसंद है दीपिका-शोएब की जोड़ी
Dipika Kakar और शोएब की जोड़ी को टेलीविजन दर्शक बेहद पसंद करते हैं। दीपिका की इस स्वास्थ्य चुनौती की खबर सुनकर उनके फैंस सोशल मीडिया पर उनके जल्द ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं। शोएब ने भी व्लॉग में फैंस से इस मुश्किल वक्त में साथ देने की अपील की है। उन्होंने कहा, “हम इस चुनौती का डटकर सामना कर रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि सब ठीक होगा।”








