Tanvi The Great: अनुपम खेर की निर्देशित फिल्म तन्वी द ग्रेट 26 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने के लिए तैयार है। यह फिल्म साहस, परिवार और समावेशिता की एक ऐसी कहानी है जो हर उम्र के दर्शकों को जोड़ती है। हंसी, भावनाओं और प्रेरणा से भरी यह फिल्म एक ऐसी मनोरंजक यात्रा है, जिसे बच्चे, माता-पिता और दादा-दादी एक साथ देखकर प्रेरित हो सकते हैं।
दिलों को छू जाएगी कहानी
तन्वी द ग्रेट (Tanvi The Great) की कहानी तन्वी रैना नाम की एक जीवंत और ऑटिज्म से पीड़ित युवा लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है। उसे अपने दिवंगत फौजी पिता के सियाचिन ग्लेशियर पर तिरंगे को सलाम करने के अधूरे सपने का पता चलता है। इस सपने को पूरा करने के लिए तन्वी एक ऐसी यात्रा पर निकलती है जो हंसी, मासूमियत और अटूट हौसले से भरी है। यह कहानी न केवल देशभक्ति की भावना को जागृत करती है, बल्कि प्यार, परिवार और दूसरों को मौका देने की सीख भी देती है।
पहली रिलीज में मचाया था धमाल
पहली बार रिलीज होने पर तन्वी द ग्रेट (Tanvi The Great) ने पूरे देश में दर्शकों का दिल जीता था। इसे राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू, आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के लिए विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। इतना ही नहीं, यह फिल्म 98वें अकादमी पुरस्कारों के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के शीर्ष तीन दावेदारों में शामिल थी। अपनी अनूठी कहानी और शानदार अभिनय के लिए इसने खूब वाहवाही बटोरी।
इस वजह से खास है यह फिल्म?
तन्वी द ग्रेट (Tanvi The Great) एक ऐसी पारिवारिक फिल्म है जो अपनी सार्वभौमिक अपील के लिए जानी जाती है। यह देशभक्ति की भावना को गर्मजोशी, हास्य और आशा के साथ पेश करती है। अनुपम खेर कहते हैं, “यह फिल्म सिर्फ देशभक्ति के बारे में नहीं है यह प्यार, परिवार और दूसरे मौकों के बारे में है। इसे मिली सराहना देखकर मैं अभिभूत था, लेकिन मेरा मानना है कि इसका असली भाग्य परिवारों द्वारा सिनेमाघरों में एक साथ अनुभव किया जाना है।”
सितारों ने जमकर तारीफ
दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ ने कहा, “कुछ कहानियां आपको एक साथ हंसाती, रुलाती और सपने दिखाती हैं। ‘तन्वी द ग्रेट’ उन दुर्लभ फिल्मों में से एक है जो परिवारों को करीब लाती है।”बोमन ईरानी ने कहा, “यह हमें याद दिलाती है कि रोज़मर्रा के नायक अक्सर हमारे घरों में ही होते हैं, जो चुपचाप प्यार के साथ अपनी ताकत को निभाते हैं।”तन्वी की भूमिका निभाने वाली नवोदित अभिनेत्री शुभांगी दत्त ने कहा, “यह फिल्म मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा है। यह कोमल, मजेदार और शक्तिशाली है, और मैं एक ऐसी कहानी का हिस्सा बनने के लिएआभारी हूं जो हर परिवार को छू सकती है।”








