Housefull 5: तरुण मनसुखानी की नई कॉमेडी फिल्म ‘हाउसफुल 5’ रिलीज के दस दिन बाद भी दर्शकों का दिल जीत रही है। 6 जून को रिलीज हुई इस फिल्म में अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन और रितेश देशमुख मुख्य भूमिकाओं में हैं। सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार यह फिल्म भारत में 150 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो चुकी है। खासकर वीकेंड पर यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है।
दूसरे वीकेंड में शानदार कमाई
‘हाउसफुल 5’ को दूसरे वीकेंड में जबरदस्त बूस्ट मिला। शनिवार (9वां दिन) को फिल्म ने 9.5 करोड़ रुपये कमाए। वहीं, रविवार (10वां दिन) को कमाई बढ़कर 11 करोड़ रुपये हो गई। इसके साथ, फिल्म की कुल भारत नेट कलेक्शन अब 153.75 करोड़ रुपये पहुंच चुकी है।
सितारों से भरी हंसी वाली फिल्म
‘हाउसफुल 5’ की कामयाबी के पीछे की सबसे बड़ी वजह इसमें काम करने वाले दिग्गज सितारे हैं। अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन और रितेश देशमुख के अलावा, फिल्म में जैकलीन फर्नांडीज, सोनम बाजवा, नरगिस फाखरी और सौंदर्या शर्मा भी हैं। संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, नाना पाटेकर, चंकी पांडे जैसे दिग्गजों के साथ जॉनी लीवर और श्रेयस तलपड़े जैसे कॉमेडी स्टार्स भी हैं। डिनो मोरिया, रंजीत, निखिल धीर, चित्रांगदा सिंह और फरदीन खान जैसे सितारे भी फिल्म को और मजेदार बनाते हैं। देखना दिलचस्प होगा कि सोमवार के दिन यह फिल्म कितना कारोबार करती है।






