No Entry 2: फिल्म ‘नो एंट्री 2’ को लेकर चल रही अटकलों पर आखिरकार निर्देशक अनीस बज्मी ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है। खबरें थीं कि अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने रचनात्मक मतभेदों के कारण इस फिल्म से किनारा कर लिया है। हालांकि, निर्माता बोनी कपूर पहले ही इन अफवाहों को खारिज कर चुके हैं और उन्होंने साफ किया था कि मामला सिर्फ शेड्यूलिंग की समस्या से जुड़ा था। अब अनीस बज्मी ने भी इस मुद्दे पर खुलकर बात की।
No Entry 2: बोनी कपूर का बयान, बोले- दिलजीत दोसांझ के साथ कोई मतभेद नहीं, किया ये बड़ा दावा
‘मुझे कोई नाराजगी नहीं, खुशी है कि फिल्म बन रही है’
न्यूज18 के साथ हालिया बातचीत में अनीस बज्मी ने कहा कि दिलजीत के No Entry 2 छोड़ने से उन्हें कोई नाराजगी नहीं है। उनके लिए सबसे बड़ी खुशी यह है कि No Entry 2 अब बनने जा रही है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह बड़ी बात है कि फिल्म बन रही है। इससे बड़ी कोई खुशी नहीं हो सकती।” अनीस बज्मी ने यह भी कहा कि कास्टिंग में बदलाव उनके लिए नई बात नहीं है। उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा अपनी पहली पसंद के साथ काम नहीं किया। कई बार मुझे अपनी दूसरी या तीसरी पसंद के साथ काम करना पड़ा, लेकिन दर्शकों ने उन्हें हमेशा प्यार दिया।”
‘मैं सफाई देने में विश्वास नहीं करता’
अनीस बज्मी ने अटकलों पर सफाई देने की जरूरत को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, “यह एक बड़ी फिल्म है, इसलिए हर छोटी-बड़ी बात खबर बन जाती है। मैं इन चीजों से परेशान नहीं होता। मैं कभी सफाई नहीं देता। जो होना है, वह होगा और जो होगा वो अच्छा ही होगा।” अनीस बज्मी ने दिलजीत के साथ अपनी छोटी-सी मुलाकात को भी याद किया। उन्होंने कहा, “हमारी आखिरी मुलाकात सिर्फ 10 मिनट की थी। उस दौरान बोनी जी भी मौजूद थे। दिलजीत अपनी डेट्स को लेकर बात कर रहे थे। मैं उनकी स्थिति को समझता हूं।”
‘दिलजीत ईमानदार और प्रतिभाशाली हैं’
दिलजीत के फिल्म छोड़ने के बावजूद अनीस बज्मी ने उनकी तारीफों के पुल बांधे। उन्होंने कहा, “दिलजीत बहुत ही ईमानदार इंसान और बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं।” अनीस बज्मी ने उनकी पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा, “जब मैंने उन्हें स्क्रिप्ट सुनाई तो उन्होंने पूरी कहानी सुने बिना ही हामी भर दी। उन्होंने बस इतना कहा, ‘कॉमेडी है, तीन हीरो हैं…नो एंट्री देखकर हम कितना हंसे थे।’”








