Salman Khan: बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान अपनी ईद 2025 रिलीज ‘सिकंदर’ के बाद अगले प्रोजेक्ट की तलाश में व्यस्त चल रहे थे। पिछले तीन महीनों में उनके गैलेक्सी अपार्टमेंट्स और पनवेल फार्महाउस में कई बड़े डायरेक्टर्स की आवाजाही देखी गई। सलमान ने अली अब्बास जफर, राज शांडिल्य, सिद्धार्थ आनंद, राजकुमार पेरियासामी, अनीस बज्मी, कृष अहिर और कबीर खान जैसे नामी डायरेक्टर्स से मुलाकात की। हालांकि, सलमान का दिल जीतने में अपूर्व लाखिया ने बाजी मार ली है।
ऑर्मी अफसर बनेंगे सलमान खान
उनकी अगली फिल्म एक आर्मी-बेस्ड एक्शन थ्रिलर होगी, जो 2020 के गलवान वैली संघर्ष पर आधारित है। पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक Salman Khan और अपूर्व लाखिया की यह फिल्म ‘इंडियाज मोस्ट फीयरलेस 3’ नॉवेल पर आधारित है। यह कहानी 2020 में भारत-चीन के बीच गलवान वैली में हुए तनाव को दर्शाएगी। पहली बार सलमान खान पूर्ण रूप से एक आर्मी ऑफिसर के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ तीन युवा एक्टर्स भी होंगे, जिनकी कास्टिंग जल्द शुरू होगी। यह एक दो रातों की कहानी है, जो देशभक्ति और बलिदान की भावना को पर्दे पर लाएगी। सलमान को यह स्क्रिप्ट इतनी पसंद आई कि उन्होंने इसे तुरंत हरी झंडी दे दी। सूत्रों का कहना है, “यह कहानी बड़े पर्दे पर शानदार अनुभव देगी। सलमान को अपूर्व पर भरोसा है कि वे इस रियल-लाइफ कॉन्फ्लिक्ट को संजीदगी से पेश करेंगे।”
कब शुरू होगी शूटिंग?
Salman Khan की फिल्म की शूटिंग जुलाई 2025 से शुरू होगी और 70 दिनों तक चलेगी। इसे लद्दाख और मुंबई में शूट किया जाएगा। लद्दाख में रियल लोकेशन्स पर शूटिंग होगी, जबकि मुंबई के स्टूडियो में गलवान वैली के सेट्स बनाए जाएंगे। अपूर्व लाखिया अगले दो हफ्तों में लद्दाख की रेकी के लिए जाएंगे। उन्होंने फिल्म के लिए हेड्स ऑफ डिपार्टमेंट्स (HODs) को फाइनल करना भी शुरू कर दिया है। सूत्रों ने कहा, “अभी सब कुछ प्लान के मुताबिक है। जुलाई से शूटिंग शुरू होगी, बशर्ते कोई बड़ा बदलाव न हो।”








