Britney Spears: मशहूर अमेरिकी पॉप सिंगर ब्रिटनी स्पीयर्स एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी और कानूनी मुश्किलों को लेकर चर्चा में हैं। खबरों के मुताबिक, इस साल की शुरुआत में शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद अब ब्रिटनी ने खुद को एक ट्रीटमेंट सेंटर (रिहैब) में भर्ती करा लिया है। 4 मार्च को कैलिफोर्निया के वेंचुरा काउंटी में हुई इस गिरफ्तारी ने उनके प्रशंसकों को चौंका दिया था, लेकिन अब ब्रिटनी खुद को सुधारने की कोशिश में जुट गई हैं।
खुद को बेकसूर साबित करने की रणनीति?
चर्चा है कि ब्रिटनी (Britney Spears) ने यह फैसला अपनी मर्जी से लिया है, लेकिन इसके पीछे एक बड़ी कानूनी वजह भी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्रिटनी को पता है कि अगर वह खुद सुधार केंद्र जाती हैं, तो मई में होने वाली सुनवाई के दौरान जज के सामने उनकी छवि सकारात्मक बनेगी। यह कदम उनके चल रहे कानूनी मामले को उनके पक्ष में मोड़ने में मदद कर सकता है। हालांकि, उनके परिवार का कहना है कि ब्रिटनी को अपनी गलती का एहसास हो गया है और वह वास्तव में बेहतर होना चाहती हैं।
नशे की लत का हुआ एहसास
रिपोर्ट्स की मानें तो ब्रिटनी (Britney Spears) काफी समय से शराब और दवाओं की लत से जूझ रही थीं। मार्च में हुई गिरफ्तारी के बाद उन्हें यह महसूस हुआ कि वह अपने जीवन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई हैं। फिलहाल वह 30 दिनों के ट्रीटमेंट प्रोग्राम पर हैं, जिसे उनकी प्रगति के आधार पर आगे भी बढ़ाया जा सकता है। इस मुश्किल घड़ी में उनके दोनों बेटों, सीन प्रेस्टन और जेडेन जेम्स ने भी अपनी मां का पूरा समर्थन किया है।
क्या था पूरा मामला?
4 मार्च को कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल अधिकारियों ने ब्रिटनी को संदिग्ध हालत में गाड़ी चलाते हुए पकड़ा था। तलाशी के दौरान उनकी गाड़ी से कुछ अज्ञात पदार्थ भी बरामद हुए थे। पुलिस ने उनके खून के नमूने जांच के लिए भेजे थे, जिसकी रिपोर्ट अदालत में पेश की जाएगी। ब्रिटनी (Britney Spears) की टीम ने इस घटना को अक्षम्य बताया है और अब वे उनके लिए मेंटल हेल्थ और डिटॉक्स जैसी सेवाओं की तलाश कर रहे हैं ताकि वह पूरी तरह रिकवर हो सकें।







