Priyanka Chopra: विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना चुकीं अभिनेत्री और प्रोड्यूसर प्रियंका चोपड़ा जोनास अब लग्जरी कार ब्रांड बेंटले मोटर्स की नई ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर बन गई हैं। यह कंपनी और अभिनेत्री दोनों के लिए नई शुरुआत है। ब्रांड ने इस साझेदारी की घोषणा के साथ एक नया कैंपेन भी शुरू करने जा रहा है, जिसका वीडियो इस वीकेंड लॉन्च होगा। पूरा फिल्म संस्करण कुछ हफ्तों में रिलीज होने वाला है।
कैंपेन कैसा है?
कैंपेन को डॉक्यूमेंट्री स्टाइल में शूट किया गया है। इसमें प्रियंका अपनी जिंदगी, करियर और क्रिएटिव सोच के बारे में खुलकर बात करती नजर आएंगी। फिल्म को बेंटले के को-क्रिएटिव डायरेक्टर ग्रेग विलियम्स ने कैद किया है। शूटिंग लॉस एंजिल्स के सोनी स्टूडियोज में हुई। प्रियंका अब बेंटले के उन ग्लोबल एंबेसडर्स की लिस्ट में शामिल हो गई हैं, जिनमें पिछले साल नियुक्त हुए ग्रेग विलियम्स और माई इकुजावा भी शामिल हैं। ब्रांड अपनी कहानियों को और ज्यादा सच्चा और इमोशनल बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
प्रियंका ने क्या कहा?

इस बारे में प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) ने कहा,“मुझे बेंटले की क्राफ्टमैनशिप और स्टोरीटेलिंग हमेशा से आकर्षित करती रही है। हर छोटी डिटेल में एक खास मकसद और इरादा दिखता है, जो आजकल बहुत कम देखने को मिलता है। सेट पर क्रिएटिव एनर्जी में जीने वाली शख्सियत होने के नाते यह सहयोग मुझे बहुत स्वाभाविक लगा। यह सिर्फ वैल्यूज शेयर करने की बात नहीं है, बल्कि उस प्रोसेस की सराहना करने की भी है जिससे हम कुछ भी बनाते हैं।”
बेंटले की तरफ से कही ये बात
बेंटले मोटर्स के मार्केटिंग डायरेक्टर बेन व्हाट्टम ने कहा,“प्रियंका अपनी ताजा एनर्जी और सच्ची सोच के साथ बेंटले से बहुत अच्छी तरह मेल खाती हैं। फिल्म का रिलैक्स्ड स्टाइल उनकी आवाज और व्यक्तित्व को सामने लाता है, जो पारंपरिक विज्ञापनों से कहीं ज्यादा असली लगता है।”
प्रियंका का फिल्म सफर
25 साल के करियर में प्रियंका चोपड़ा जोनस फिल्म, टेलीविजन, प्रोडक्शन और ग्लोबल एंटरटेनमेंट की एक बड़ी शख्सियत बन चुकी हैं। वे एक्टर के अलावा प्रोड्यूसर, एंटरप्रेन्योर और लेखिका भी हैं। इसके अलावा वे यूनिसेफ की गुडविल एंबेसडर हैं और शिक्षा व बच्चों की भलाई से जुड़े कई सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहती हैं।







