बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान को एक विवादित विज्ञापन मामले में महत्वपूर्ण राहत मिली है। राजस्थान हाईकोर्ट ने शुक्रवार को उपभोक्ता अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी है। यह मामला राजश्री इलायची से जुड़े विज्ञापन को लेकर है, जिसमें आरोप लगाया गया था कि यह पान मसाला का गुप्त तरीके से प्रचार है।मामले की शुरुआत जयपुर की जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग से हुई थी। आयोग ने पहले कुछ विज्ञापनों पर रोक लगाई और सलमान खान के खिलाफ जमानती वारंट जारी किए थे। यह आदेश बाद में राज्य उपभोक्ता आयोग ने भी बरकरार रखा।
इसके बाद सलमान खान ने हाईकोर्ट का रुख किया और पुराने आदेशों को चुनौती दी।हाईकोर्ट में जस्टिस अनुरूप सिंघी की एकलपीठ ने सलमान की याचिका पर सुनवाई करते हुए जिला उपभोक्ता आयोग की कार्यवाही पर अंतरिम रोक लगा दी। कोर्ट ने कहा कि आगे की सुनवाई तब तक नहीं होगी, जब तक याचिका का फैसला नहीं हो जाता।
सलमान खान की ओर से वरिष्ठ वकील जीएस बापना ने कोर्ट में दलील दी कि अभिनेता ने केवल “सिल्वर कोटेड इलायची” प्रोडक्ट का एंडोर्समेंट किया था। उन्होंने पान मसाला के किसी भी विज्ञापन में हिस्सा नहीं लिया। वकील ने कहा कि शिकायत बुनियादी तौर पर गलतफहमी पर आधारित है और इसे साफ तौर पर खारिज किया जाना चाहिए।सलमान खान ने इस मामले में अलग से नेशनल कंज्यूमर डिस्प्यूट्स रिड्रेसल कमीशन (NCDRC) में भी अपील की है।
ये है पूरा मामला
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पान मसाला कंपनी का विज्ञापन भ्रामक है। इसमें इलायची को मुख्य प्रोडक्ट दिखाया गया, लेकिन असल में यह पान मसाला का सरोगेट एड था। खासकर युवाओं को गुमराह करने का डर जताया गया। जिला आयोग ने इसे गंभीर मानते हुए विज्ञापनों पर रोक और वारंट जारी किए थे।
सलमान खान की टीम का कहना है कि इलायची एक अलग प्रोडक्ट है और इसमें पान मसाला या गुटखा जैसे तत्व नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिनेता ने केवल चांदी वाली इलायची का प्रमोशन किया, जो उपभोक्ता कानून के तहत भ्रामक नहीं माना जा सकता।
हाईकोर्ट के फैसले के मायने
यह अंतरिम राहत सलमान खान के लिए बड़ी जीत मानी जा रही है। इससे न सिर्फ जमानती वारंट पर रोक लगी है, बल्कि पूरी उपभोक्ता अदालत की प्रक्रिया रुक गई है। अब मामला हाईकोर्ट और NCDRC दोनों जगहों पर विचाराधीन रहेगा। बॉलीवुड में सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट को लेकर ऐसे विवाद अक्सर सामने आते रहते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सेलिब्रिटीज को विज्ञापन करते समय प्रोडक्ट की पूरी जानकारी लेनी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को कोई गलत संदेश न जाए। फिलहाल सलमान खान इस राहत से राहत की सांस ले सकते हैं, लेकिन कानूनी लड़ाई अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर आगे फैसला होगा।





