अनुराग कश्यप ने अचानक क्यों छोड़ दिया बॉलीवुड?

पिछले साल दिसंबर में फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप ने एक इंटरव्यू में यह खुलासा किया था कि वह दक्षिण भारत में शिफ्ट होने का प्लान बना रहे हैं।

अब 'द हिंदू' से हुई बातचीत में उन्होंने पुष्टि की कि उन्होंने मुंबई को छोड़ दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स में एक सूत्र के हवाले से बताया गया है कि अनुराग ने बेंगलुरु में शिफ्ट होने का निर्णय लिया है। 

पहले भी अनुराग हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से नाखुश थे और अब उन्होंने इस इंडस्ट्री को 'टॉक्सिक' करार दिया है।

अनुराग ने कहा, "मैं फिल्म इंडस्ट्री से दूर रहना चाहता हूं। इंडस्ट्री बहुत टॉक्सिक हो गई है। 500 या 800 करोड़ की फिल्म बनाने की होड़ लगी हुई है। क्रिएटिव वातावरण खत्म हो गया है।"

इससे पहले अनुराग ने 'द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया' से बातचीत में कहा था कि वह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से इतने निराश और नाखुश हैं कि वह दक्षिण भारत में शिफ्ट होने का सोच रहे हैं।

उन्होंने कहा, "मैं दक्षिण के फिल्म निर्माताओं से जलता हूं, क्योंकि अब मेरे लिए  प्रयोग करना मुश्किल हो गया है। अब हर चीज मुनाफे पर आधारित हो गई है। निर्माता यही सोचते हैं कि मेरा मार्जिन कहां हैं?"

अनुराग ने कहा, "फिल्म बनाने की खुशी अब गायब हो गई है, क्योंकि फिल्म शुरू होने से पहले ही यह सवाल उठता है कि इसे कैसे बेचा जाए?' इसलिए मैं मुंबई से बाहर जाना चाहता हूं।"

इस समय अनुराग कश्यप मलयालम फिल्म 'फुटेज' का प्रमोशन कर रहे हैं, जिसे उन्होंने प्रस्तुत किया है। इसके बाद वह फिल्म 'डकैत' में एक निडर पुलिस वाले की भूमिका निभाते नजर आएंगे।